रांची
जमशेदपुर के मानगो-साकची के बीच निर्माणाधीन 2.8 किलोमीटर लंबे फ्लाइओवर परियोजना का करीब 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है. पथ प्रमंडल जमशेदपुर कार्यालय के अनुसार, डिमना रोड से साकची तक फ्लाइओवर को अगस्त 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि साकची से मानगो स्थित पायल सिनेमा की ओर जाने वाले हिस्से के निर्माण में देरी की संभावना जताई जा रही है. निर्माण एजेंसी के मुताबिक इस हिस्से में गार्डर लगाने का अधिकांश कार्य अब भी शेष है. इसके बावजूद निर्धारित समयसीमा को ध्यान में रखते हुए दिन-रात निर्माण कार्य जारी है.
निर्धारित समय के भीतर हो निर्माण कार्य पूरा: DC
इसी क्रम में डीसी राजीव रंजन ने मानगो में निर्माणाधीन ओवरब्रिज परियोजना का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने कार्य की गति तेज करने और निर्धारित समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीसी ने कहा कि मानगो ओवरब्रिज शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है और इसके पूरा होने से मानगो-साकची मार्ग पर जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और तय समयसीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन की समीक्षा की. डीसी ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी और अभियंताओं से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी ली.
यातायात डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाये: DC
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए प्रभावी यातायात डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाये. साथ ही निर्माण स्थल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही. निरीक्षण के दौरान धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय, डीटीओ धनंजय तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे.
